Kotputli Govardhan Puja News
कोटपूतली में बुधवार को गोवर्धन महोत्सव बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस वर्ष सोमवार और मंगलवार को दीपावली पर्व होने के कारण गोवर्धन पूजा दीपावली के तीसरे दिन आयोजित की गई।
इस अवसर पर मंदिरों और घरों में विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। मंदिरों में अन्नकूट सहित अनेक व्यंजनों का भोग लगाया गया, वहीं घरों में महिलाओं ने गोबर से गोवर्धन महाराज की प्रतिमाएं बनाकर सजाईं।
शाम को इन प्रतिमाओं के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित किए गए और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की गई। महिलाओं ने गोवर्धन महाराज को अन्नकूट, चावल के फारे, पूड़ी, पकवान और खीर का भोग अर्पित किया।
गोबर से बने गोवर्धन में भगवान श्रीकृष्ण, गोवर्धन पर्वत, गायें, पुरुष, महिलाएं और बच्चे जैसी सुंदर आकृतियां बनाई गईं। पूजा में रोली, चावल, बताशे, जल, दूध, पान, केसर, फूल और दीपक का प्रयोग कर परंपरागत विधि से आराधना की गई।
शाम के समय गोवर्धन महाराज को दाल-बाटी-चूरमा का भोग लगाया गया। इसके पश्चात गोबर से बने गोवर्धन को गोवंश के पैरों से कटवाया गया, जिसके बाद श्रद्धालुओं ने उसकी परिक्रमा की और सुख-समृद्धि की कामना की।
मान्यता है कि सच्चे मन से गोवर्धन पूजा करने पर भगवान श्रीकृष्ण की कृपा पूरे वर्ष बनी रहती है। पूजा के उपरांत महिलाएं गोवर्धन का गोबर घर ले जाकर उपले बनाती हैं, जिन्हें पूरे वर्ष के लिए सुरक्षित रखा जाता है। ऐसा करने से घर में शांति और समृद्धि बनी रहती है, ऐसी लोकमान्यता है।
👉 कोटपूतली की और ताज़ा खबरों के लिए vipkotputli.com पर जाएं या संपर्क करें 📞 8696398646